मंडी में BJP प्रदेशाध्यक्ष का कांग्रेस पर अटैक:बिंदल बोले- इस पार्टी ने देश को परिवारवाद, विभाजन के जख्म दिए

हिमाचल प्रदेश के मंडी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी के 140 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी का श्रेय लेने वाली कांग्रेस ने वास्तव में देश को नुकसान पहुंचाया है। “नेहरू–गांधी परिवार ने खत्म की असली कांग्रेस” डॉ. बिंदल ने कहा कि मोहनदास करमचंद गांधी, लाल–बाल–पाल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल और लाल बहादुर शास्त्री की कांग्रेस को नेहरू–गांधी परिवार ने समाप्त कर दिया। उनके अनुसार, नेहरू–गांधी परिवार ने देश पर परिवारवाद की राजनीति थोप दी और आज की कांग्रेस केवल स्वार्थवाद, अवसरवाद और सत्ता बचाने की राजनीति तक सीमित रह गई है। विभाजन और कश्मीर समस्या के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने निहित स्वार्थों के लिए भारत का विभाजन किया, जिसके कारण लाखों लोग बेघर हुए और देश धर्म के आधार पर बंट गया। उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या भी कांग्रेस की देन है। धारा 370 और 35ए लगाकर कश्मीर को देश से अलग-थलग किया गया, जिसके परिणामस्वरूप हजारों सैनिकों ने बलिदान दिया और लाखों कश्मीरी हिंदुओं को पलायन करना पड़ा। “आपातकाल लगाकर किया लोकतंत्र का हनन” भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में बने रहने के लिए संविधान में 70 से अधिक संशोधन किए और आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा। लाखों लोगों को जेलों में डालकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला गया। “कांग्रेस ने सनातन संस्कृति पर किया प्रहार” डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने देश की सनातन संस्कृति पर आघात किया, भारत के महापुरुषों के योगदान को दबाया और इतिहास को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के लिए भारत की संस्कृति, धर्म और जीवन मूल्यों को नीचा दिखाया गया, और यही मानसिकता आज भी कांग्रेस की पहचान बनी हुई है। “मोदी के नेतृत्व में देश पुनः स्थापित कर रहा अपनी विरासत” डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी खोई हुई सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को पुनः स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकाघाट में भाजपा की संगठनात्मक बैठक इसी वैचारिक संघर्ष के तहत, ‘सेवा ही संगठन’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए सरकाघाट में भाजपा मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और स्थानीय जनसमस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *