भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले के बारसूर से चित्रकोट, जगदलपुर जाने वाले मार्ग पर दो दिन पहले सड़क पर बैठे तेंदुआ ने वन विभाग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मार्ग से जा रहे कार सवार ने तेंदुआ का वीडियो बना सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया, इसके बाद इसी वीडियो को प्रदेश के वन मंत्री ने भी अपनी फेसबुक वाल पर डाला। इसके बाद वन विभाग के सीसीएफ ने एक मीडिया चैनल को बयान देकर बताया यह वीडियो फर्जी है, जिसके बाद अब फिर से बस्तर के कई लोगों के द्वारा लोकेशन के साथ वीडियो डाला गया, जिसके बाद वन विभाग सवालों के घेरे में आ गया है। आखिर वन महकमे को इसकी जानकारी कैसे नहीं है, बिना किसी जांच के वन विभाग के अधिकारी ने इसे फेक वीडियो बता दिया, अब लोग सोशल मीडिया पर वन विभाग को लेकर कमेंट कर रहे हैं।


