शिवपुरी में गणतंत्र दिवस के अगले दिन एक शासकीय विद्यालय में मध्यान्ह भोजन नहीं पहुंचा। यह वही स्कूल है जहां 26 जनवरी को ऊर्जा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने कलेक्टर, एसपी और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया था। इस घटना ने सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ौदी स्थित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे जब भास्कर टीम पहुंची, तो स्कूल में अवकाश जैसा माहौल मिला। कुछ शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद थीं, लेकिन एक भी छात्र उपस्थित नहीं था। जिस भवन में गणतंत्र दिवस पर मंत्री ने भोजन किया था, उसकी शटर बंद पाई गई। एकीकृत विद्यालय के प्रभारी संजय श्रीवास्तव भी विद्यालय में नहीं मिले। समूह ने भोजन नहीं पहुंचाया
विद्यालय में उपस्थित प्राथमिक शाला के शिक्षक आनंद यादव ने बताया कि एकीकृत विद्यालय की प्राथमिक शाला में 146 और माध्यमिक शाला में 158 छात्र दर्ज हैं। इसके बावजूद मंगलवार को माध्यमिक शाला में एक भी छात्र पढ़ाई के लिए नहीं आया। जांच में सामने आया कि प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की आपूर्ति अलग-अलग समूहों द्वारा की जाती है। मंगलवार को माध्यमिक शाला में भोजन आपूर्ति करने वाले समूह ने भोजन नहीं पहुंचाया। वहीं, प्राथमिक शाला में भोजन तो पहुंचा, लेकिन उसकी मात्रा बेहद कम थी। प्राथमिक शाला में केवल 7 छात्र और 3 शिक्षिकाएं उपस्थित मिलीं, जिन्हें सीमित मात्रा में पूड़ी, थोड़ी सब्जी और खीर दी गई। डीपीसी बोले- जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे
इस मामले में जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) दफेदार सिंह सिकरवार ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है।


