मंत्री के सामने मैकेनिक को प्रजेंटेशन देने भेजा:विजय शाह बोले- मजाक बना रखा है; यहां से जाओ, मेरे मुंह से अपशब्द निकल जाएंगे

रतलाम कलेक्ट्रेट में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक उस वक्त विवादों में आ गई, जब मंत्री के सामने विभागीय प्रजेंटेशन के लिए एक मैकेनिक को भेज दिया गया। इस पर जनजातीय कार्य विभाग और रतलाम प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह भड़क गए और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। CM, चीफ सेक्रेटरी को लिखने के निर्देश
मंत्री विजय शाह ने अपने पीए से कहा कि इस लापरवाही को लेकर चीफ सेक्रेटरी, कमिश्नर और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जाए। उन्होंने कहा कि जानबूझकर अधिकारियों को न भेजना गंभीर मामला है। जब मैकेनिक कुछ बोलने लगा तो मंत्री ने कहा, “यहां से चले जाओ, अभी मेरे मुंह से अपशब्द निकल जाएगा।” इसके बाद उन्होंने मैकेनिक को अपने पास बुलाया। मैकेनिक मंत्री के आगे झुका तो मंत्री भी झुके, हाथ मिलाया और धन्यवाद देकर बैठक से बाहर जाने को कहा। बैठक में मैकेनिक से जवाब, पहले विधायक नाराज
बैठक के दौरान जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने अपने क्षेत्र से जुड़े नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के कार्यों की जानकारी मांगी। जवाब देने पहुंचे व्यक्ति से जब पूछा गया कि वे विभाग में किस पद पर हैं, तो उन्होंने खुद को मैकेनिक बताया। यह सुनते ही विधायक पांडेय नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि यह बैठक का अपमान है। विभाग प्रमुख की जगह मैकेनिक से जवाब दिलवाना बदतमीजी है। फिर भड़के मंत्री विजय शाह
विधायक की नाराजगी के बाद मंत्री विजय शाह भी भड़क गए। उन्होंने कहा कि बैठक को मजाक बना दिया गया है। मंत्री ने एडीएम से सवाल किया कि जब मंत्री आ रहे हैं तो विभाग प्रमुख क्यों नहीं पहुंचे। मंत्री ने कहा, “35 साल से विधायक हूं, 30 साल से मंत्री हूं। इतनी हल्के में लोगे तो नहीं चलेगा। विभाग प्रमुखों को आना चाहिए, मैकेनिक से जवाब दिलवा रहे हो।” कलेक्टर और कई विभाग प्रमुख रहे नदारद
बैठक में कलेक्टर मिशा सिंह छुट्टी पर थीं। उनकी जगह प्रभारी कलेक्टर के तौर पर एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव मौजूद थीं। इसके अलावा कई विभागों के प्रमुख अधिकारी भी बैठक में नहीं पहुंचे, जिससे मंत्री और विधायकों की नाराजगी और बढ़ गई। रतलाम ग्रामीण विधायक भी अधिकारियों पर बरसे
बैठक में रतलाम ग्रामीण विधायक ने भी अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने जनजातीय आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त पर मनमानी के आरोप लगाए और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रस्ताव बदल दिए जाते हैं। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं करते और खाद वितरण में ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं
बैठक में मंत्री विजय शाह ने सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने प्रजेंटेशन के जरिए जिले के विकास कार्यों का ब्योरा रखा। कई विभागों के अधिकारी नहीं पहुंचे
बैठक में वन विभाग, सीएचएमओ, अक्षय ऊर्जा विभाग, डीईओ मौजूद नहीं थे। शिक्षा विभाग की ओर से सहायक संचालक शामिल हुए। बैठक में आलोट विधायक चिंतामणी मालवीय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, एसपी अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पत्रकारों के सवाल टाले
बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में जब मंत्री से विभाग प्रमुखों की गैरमौजूदगी पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि यह अधिकारियों की बैठक नहीं थी। विधायकों की नाराजगी पर मंत्री ने कहा कि जरूरी निर्देश अंदर कमरे में दे दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *