मंत्री के PSO पर पत्नी से मारपीट का आरोप:पीड़िता बोली- पति का एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर, विरोध करने पर पीटा, ससुर ने कहा-रौब दिखाता है

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में कैबिनेट मंत्री खुशवंत सिंह के पीएसओ (पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर) पर पत्नी ने मारपीट के आरोप लगाए हैं। पत्नी का आरोप है कि पति का एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर है। विरोध करने पर मारपीट की। वहीं, पति ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे ससुर का साजिश बताया। मामला फिंगेश्वर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, भेंडरी गांव का रहने वाला भागवत सेन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) का जवान है। वर्तमान में भागवत मंत्री खुशवंत सिंह के पीएसओ के रूप में तैनात है। पत्नी भूमिका सेन पति भागवत पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि बुधवार शाम पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। जिससे वह बेहोश हो गई। उसे डायल-112 के जरिए फिंगेश्वर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज जारी है। वहीं इस मामले में पीड़िता के पिता का कहना है कि दामाद मंत्री पीएसओ होने का रौब दिखाता है। देखिए ये तस्वीरें- जानिए क्या है पूरा मामला ? दरअसल, भागवत सेन परिवार के साथ भेंडरी गांव में रहता है। पत्नी भूमिका सेन का कहना है कि पति का किसी अन्य महिला से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात पर गुस्से में आकर पति ने मारपीट की। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति खुद को मंत्री का पीएसओ बताकर रौब दिखाता है। पहले भी साथ रहने की समझाइश दी गई थी इसी का फायदा उठाकर लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रहा है। इसके पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाओं को लेकर ग्राम समिति की आहूत बैठक में दोनों को आपसी सुलह कर बिना विवाद के साथ रहने की समझाइश दी गई थी। पीड़िता के पिता ने की सख्त कार्रवाई की मांग इस मामले में पीड़िता के पिता कोमल नरायण सेन का कहना है कि दामाद भागवत बेटी के साथ मारपीट करता है। विरोध करने पर मंत्री का पीएसओ बताकर धमकी देता है। उन्होंने दामाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पति ने आरोपों को बताया ससुराल पक्ष की साजिश वहीं, पति भागवत सेन ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि यह पूरा मामला ससुराल पक्ष की साजिश है। पति ने दावा किया कि उसकी पत्नी ने जानबूझकर बेहोश होने का नाटक किया। मुझे फंसाया जा रहा है। इलाज के दौरान महिला को आया होश इस मामले में डॉ. विपिन लहरे का कहना है कि महिला को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान वह होश में आई। पूछने पर बताया गया कि पति ने मारपीट की है। मोमो पुलिस को भेज दिया गया है। अभी महिला की हालत स्थिर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *