मध्यप्रदेश के लोक निर्माण एवं प्रभारी मंत्री राकेश सिंह आज (रविवार) नर्मदापुरम जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने यहां कलेक्टर कार्यालय में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली। जनपद पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग की सड़कों का भूमिपूजन किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को पहली किश्त का चेक वितरित किए। मंत्री सिंह ने इटारसी में नवनिर्मित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस का लोकार्पण किया। इस दौरान सांसद माया नारोलिया, सांसद दर्शनसिंह चौधरी, विधायक डॉक्टर सीताशरन शर्मा, विधायक प्रेम शंकर वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, भाजपा नेता पीयूष शर्मा, मंडल अध्यक्ष समेत अन्य मौजूद रहे। मंत्री बोले- भव्यता से मनेगी नर्मदा जयंती
मंत्री ने कहा नर्मदा जयंती पवित्रता, भव्यता के साथ मनेगी। ऐसा निर्णय आज की बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ लिया गया है। श्रद्धालुओं को कठिनाई न हो, आवागमन में दिक्कत हो, ऐसी प्लानिंग तैयार करने के निर्देश दिए है। जलमंच पर कितने सदस्य बैठेंगे, इसके लिए 28 दिसंबर को बैठक कर जनप्रतिनिधि, अधिकारी निर्णय लेंगे। मां नर्मदा का प्राकट्योत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रभारी मंत्री शनिवार रात ही छिंदवाड़ा से नर्मदापुरम पहुंच गए थे। प्रभारी मंत्री शनिवार रात 9 बजे छिंदवाड़ा से सीधे नर्मदापुरम सर्किट हाउस पहुंचे। यहां राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव, भाजपा प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, मंडल अध्यक्ष रुपेश राजपूत और राहुल सिंह सोलंकी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मंत्री सिंह ने राज्यसभा सांसद और भाजपाइयों के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की। स्वागत में बिछाया रेड कारपेट
लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री होने के चलते अधिकारियों ने उनके स्वागत में विशेष तैयारियां की गईं। सर्किट हाउस में रेड कारपेट बिछवाया गया, ताकि प्रभारी मंत्री का स्वागत भव्य तरीके से हो सके।


