मंत्री बेढ़म ने विकास कार्यों का लिया जायजा:नगर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश द्वारों और तहसील भवन की गुणवत्ता पर दिया जोर

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शुक्रवार को बृजनगर विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। राज्य मंत्री बेढ़म ने क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ खेड़ली रोड, डीग रोड और अलवर रोड पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वारों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ये तीनों प्रवेश द्वार न केवल नगर की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को रेखांकित करेंगे, बल्कि आगंतुकों एवं पर्यटकों के लिए एक व्यवस्थित और आधुनिक क्षेत्र की सुखद अनुभूति प्रस्तुत करेंगे। प्रत्येक प्रवेश द्वार का निर्माण 28.91 लाख रुपए की लागत से कराया जा रहा है। निरीक्षण के अगले चरण में राज्य मंत्री ने 2.27 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन नवीन तहसील कार्यालय भवन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन परिसर का बारीकी से अवलोकन करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन का ढांचा पूर्णतः जन-सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। गृह राज्य मंत्री ने कहा कि इस आधुनिक प्रशासनिक भवन के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को राजस्व एवं अन्य सरकारी सेवाओं के निष्पादन हेतु एक ही छत के नीचे सुगम वातावरण प्राप्त होगा, जिससे समय और श्रम की बचत सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय प्रशासन को आमजन के निकट लाना है और यह नवीन तहसील भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। बेढ़म ने निर्माण कार्यों की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु निर्देश प्रदान किए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं संवेदकों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण सामग्री के चयन और तकनीकी मानकों के पालन में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीरो कॉम्प्रोमाइज की नीति के तहत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यदि सामग्री की गुणवत्ता में कोई कमी पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने समस्त परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य दिया ताकि आमजन को यथाशीघ्र इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये बुनियादी ढांचागत विकास कार्य क्षेत्र की समृद्धि और प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *