विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB G Ram) योजना को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रभारी मंत्री चेतन कश्यप ने गुरुवार को राजगढ़ भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्पष्ट और विस्तार से पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि, वीबी रामजी योजना महात्मा गांधी का नाम हटाने के लिए लाई गई है, जबकि वस्तुस्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा महात्मा गांधी का सम्मान किया है और उनके विचारों को अपनाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1980 में भाजपा की स्थापना के समय ही पार्टी ने अपनी पंचनिष्ठाओं में गांधीवादी आर्थिक दृष्टिकोण को शामिल किया था। उन्होंने कहा कि यदि देश में किसी ने गांधीवादी सोच को सही अर्थों में अपनाया है, तो वह भाजपा है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने गांधी के नाम का उपयोग तो किया, लेकिन उनके विचारों को कभी ईमानदारी से लागू नहीं किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि गांधी और गन्धी की वर्तनी एक जैसी होने का लाभ उठाकर गांधी नाम को राजनीतिक पहचान बनाया गया। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी मूल रूप से गांधी परिवार से नहीं थीं, बल्कि फिरोज गन्धी के माध्यम से यह नाम जुड़ा और बाद में इसी नाम का राजनीतिक उपयोग शुरू हुआ। चेतन कश्यप ने कहा कि कांग्रेस ने गांधी नाम को एक परिवार तक सीमित करने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर में सड़कों, चौराहों, हवाई अड्डों, अस्पतालों, मंडी समितियों और संस्थानों के नाम नेहरू–गांधी परिवार पर रखे गए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि खेल रत्न जैसे राष्ट्रीय पुरस्कार को राजीव गांधी खेल रत्न नाम दिया गया, जबकि खेलों से उनका कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था। प्रभारी मंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2008–09 में साढ़े चार लाख करोड़ रुपए के कार्यों का नामकरण नेहरू–गांधी परिवार के नाम पर किया गया। रोजगार गारंटी योजना को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय भी इस योजना का नाम कई बार बदला गया, इसलिए नाम परिवर्तन कोई असामान्य बात नहीं है। असली सवाल यह है कि योजनाओं की कमियों को सुधारकर आमजन तक वास्तविक लाभ कैसे पहुंचे। उन्होंने कहा कि वीबी रामजी योजना गांवों के विकास की योजना है। इसके तहत पहले जहां 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी, अब उसे बढ़ाकर 125 दिन किया गया है। साथ ही मजदूरों को समय पर पारिश्रमिक, सीधे बैंक खातों में भुगतान और पंचायत स्तर पर अधिक निर्णय अधिकार दिए गए हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों का सशक्तिकरण ही विकसित भारत की बुनियाद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी, स्वच्छता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन आंदोलन बनाकर महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने का कार्य किया है। पत्रकार वार्ता की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर ने की। इस अवसर पर स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक मोहन शर्मा, विधायक हजारीलाल दांगी, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, योजना प्रभारी मोना सुस्तानी, जिला महामंत्री देवी सिंह सोंधिया, जिला मीडिया प्रभारी आनंद त्रिपाठी सहित जिले के पदाधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे। आभार जिला सह मीडिया प्रभारी जगदीश दास ने व्यक्त किया।


