छिंदवाड़ा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) महाकौशल प्रांत का 58वां तीन दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन में उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार छिंदवाड़ा पहुंचे। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रांत अधिवेशन युवाओं को संबोधित किया। परमार ने कहा देश हित सहित विश्व में भारत का नाम गर्व पूर्वक लिया जाए, ऐसी विचारधारा के साथ काम करें। उन्होंने प्रांत अधिवेशन में शामिल होने के लिए पहुंचे युवाओं से मुलाकात भी की ओर आगामी दिनों में अधिवेशन से मिलने वाली शिक्षा को दूसरे विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाने की बात कही। राजा शंकर शाह नगर स्थित वृंदावन लॉन में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में प्रदेशभर से छात्र प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होने के लिए छिंदवाड़ा पहुंचे हैं। छात्रहित के मुद्दों पर होगा मंथन
तीन दिनों तक चलने वाले इस अधिवेशन में संगठन की मजबूती, आगामी शैक्षणिक सत्र की रूपरेखा और छात्र हितों से जुड़े अहम मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। कल RSS प्रचारक का उद्बोधन, निकलेगी शोभायात्रा
अधिवेशन के दूसरे दिन यानी गुरुवार (25 दिसंबर) को सुबह 11 बजे ‘वर्तमान परिदृश्य और समरसता’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सह क्षेत्र प्रचारक प्रेमशंकर सिदार संबोधित करेंगे। इसके बाद शहर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और खुला अधिवेशन होगा, जिसमें आम छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद किया जाएगा। अगले साल का रोडमैप होगा तैयार
इस अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक समीक्षा करना है। तीन दिनों के दौरान कार्यकर्ता आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना तैयार करेंगे। साथ ही सामाजिक समरसता और शिक्षा के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।


