भास्कर न्यूज |लुधियाना आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ दिए गए “बैंड बाजा” बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के कार्यालय का घेराव किया। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने राजा वड़िंग के कार्यालय के बाहर प्रतीकात्मक रूप से बैंड बजाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने बाजवा, राजा वड़िंग और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा ले रही है। मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि जब तक प्रताप सिंह बाजवा सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक आप का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को आप सरकार की उपलब्धियों से परेशानी है। सरकार ने शिक्षा में सुधार किए हैं, बिजली बिल माफ किए हैं और बुजुर्गों को पेंशन दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में आप 117 सीटों के साथ दोबारा सरकार बनाएगी। मुंडियां ने कहा कि हरभजन सिंह ईटीओ के पिता ने बैंड बजाकर अपने बेटे को पढ़ाया और आज वह जनता की सेवा कर रहे हैं। बाजवा का बयान न केवल ईटीओ बल्कि बैंड बजाने वाले समुदाय का भी अपमान है। गौरतलब है कि मनरेगा महासंग्राम रैली के दौरान प्रताप सिंह बाजवा ने ईटीओ को “बैंड बाजा वाला” कहकर टिप्पणी की थी। इसके बाद आप ने राज्यभर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।


