प्रतापगढ़ मिनी सचिवालय सभागार में केंद्रीय बजट 2026 पर एक विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। राजस्थान सरकार के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने इस प्रेस वार्ता की अध्यक्षता की। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को ऐतिहासिक, दूरदर्शी और सर्वसमावेशी बताया। मंत्री मीणा ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की संवेदनशील सोच का परिणाम है। मंत्री बोले-बजट सुरक्षित भविष्य का रोडमैप
मंत्री हेमंत मीणा ने आगे कहा-यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि किसान, गरीब, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमियों के भविष्य को सुरक्षित व सशक्त बनाने का रोडमैप है। उन्होंने बताया कि यह बजट प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विज़न को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो आने वाले समय में देश की आर्थिक और सामाजिक दिशा तय करेगा। उन्होंने बजट की सबसे बड़ी विशेषता बताते हुए कहा कि इसमें किसी भी क्षेत्र को नजरअंदाज नहीं किया गया है। कृषि क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उद्योग क्षेत्र में निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास को गति देने के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। रेलवे और विमानन जैसे बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में भी देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की स्पष्ट योजना दिखाई देती है। जिले की घोषणाओं के बारे में बताया
मंत्री मीणा ने जिले के दृष्टिकोण से बजट की अहम घोषणाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पूरे देश में छात्रावास खोलने का प्रावधान किया गया है, जिससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की घोषणा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। सीतामाता वन्य अभयारण्य को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि बजट एक बड़े देश की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसकी कई बारीकियां आने वाले समय में सामने आएंगी और जैसे-जैसे विभिन्न योजनाओं का विस्तार होगा, वैसे-वैसे उनके प्रभाव भी स्पष्ट होते जाएंगे।


