मंत्री OP बोले- अफसरों के यहां छापा पड़ेगा:रिश्वत मांगने वालों पर एक्शन की गारंटी, कारोबारियों संग वित्त मंत्री ने सुनी मन की बात

छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा हे कि रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। इसका भरोसा उन्होंने शहर के कारोबारियों को दिया। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी के आयोजन में उन्होंने ये बातें कहीं। दरअसल, चिमनानी ने शहर के कई कारोबारी और सामाजिक संगठनों के साथ मन की बात कार्यक्रम सुनने का आयोजन किया था। यहां वित्त मंत्री ने कहा- मैंने सभी कारोबारियों से कहा है कि GST का काेई भी अफसर यदि रिश्वत मांगे या फेवर मांगे तो इसकी जानकारी हमें दें, उसपर कार्रवाई होगी ACB का छापा पड़ेगा। सरकार के खजाने में रकम जमा करना अलग चीज है। लेकिन संगठित रूप से फर्जी फर्म बनाकर टैक्स चोरी करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी। पीएम मोदी ने योग से लेकर युवाओं तक का संदेश दिया मन की बात कार्यक्रम को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा- ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की बातें हमेशा राष्ट्र की एकता और निर्माण की दिशा में गहरी सोच को दर्शाती हैं। एक ही संवाद में जब वे बोडोलैंड से लेकर गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना से लेकर देश के हर कोने का उल्लेख करते हैं, तो वे विविधता में एकता को बल देते हैं। प्रधानमंत्री न केवल एक राजनेता हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के व्यापक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने वाले युग पुरुष हैं। वे कभी भारत की सांस्कृतिक धरोहर ‘योग’ को वैश्विक पहचान दिलाते हैं, तो कभी युवाओं को ‘फिट रहो, आगे बढ़ो’ का संदेश देकर देश में सकारात्मकता के साथ समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में जोड़ते हैं। उनके विचारों को सुनना और आत्मसात करना हम सभी के लिए गर्व की बात है। इस कार्यक्रम में भाजपा कोषाध्यक्ष नंदन जैन, भाजपा नेता अखिलेश सोनी, भाजपा नेता निशिकांत पांडे, पार्षद व एमआईसी मेंबर डॉक्टर अनामिका सिंह, संतोष हयाल, श्याम चावला सहित भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम में कई सामाजिक, व्यापारिक संस्थाओं जैसे कैट, पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत, पूज्य कंध कोट पंचायत, भारतीय सिंधु सभा, पूज्य महावीर नगर पंचायत के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को 22 भाषाओं में प्रसारित मन की बात की शुरुआत योग दिवस पर चर्चा से की। इसके बाद आपातकाल का समय याद कर इसकी आलोचना की और कहा कि इमरजेंसी के समय लड़ने वाले लोगों को याद रखा जाना चाहिए। इस बीच सेहत पर बात करते हुए उन्होंने खाने में 10 फीसदी तक तेल कम करने की बात दोहराई और लोगों से स्वदेशी सामान खरीदने की अपील भी की। मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस लगातार भव्य होता जा रहा है। प्रधानमंत्री ने तेलंगाना में दिव्यांगजनों के योग से लेकर कश्मीर में जवानों के योग तक का जिक्र किया। तीर्थ यात्रियों की मदद करने वाले लोगों के बारे में बात करते हुए मोदी ने कैलाश पर्वत का जिक्र किया और 3 जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले सभी लोगों को और उनकी मदद करने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं। अहमदाबाद नगर निगम का ‘सिंदूर वन’
अहमदाबाद में नगर निगम ने ‘सिंदूर वन’ तैयार किया है। यहां सिंदूर के पौधे लगाए गए हैं। यह वन ऑपरेशन सिंदूर के वीरों को समर्पित है। वहीं, पुणे के एक व्यक्ति ने अपने पूरे परिवार के साथ वन जीवन को बचाने का फैसला किया है। वह हर छुट्टी वाले दिन जंगल जाकर पेड़ लगाते हैं और पानी भरने के लिए गड्ढे खोदते हैं। इससे वहां का पर्यावरण बेहतर हुआ है। अब वहां पक्षी लौटने लगे हैं। संबोधन के अंत में मोदी ने अंतरिक्ष मिशन का जिक्र किया और शुभांशु शुक्ला की भी तारीफ की। छत्तीसगढ़ में सुना गया ‘मन की बात’ का प्रसारण
मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ निरंजन पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, अनुज शर्मा, महापौर रामू रोहरा, भाजपा नेता संदीप शर्मा, अमित साहू, अमरजीत छाबड़ा, प्रीतेश गांधी, उमेश घोरमोडे सहित पदाधिकारियों ने मन की बात कार्यक्रम सुना। भानपुरा मंडल के पाटीदार भवन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक मोतीलाल साहू, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, आरडीए अध्यक्ष नंदे साहू, जिला उपाध्यक्ष अकबर अली, संजय तिवारी ने मन की बात कार्यक्रम सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 123वें संस्करण को केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने बेलतरा विधानसभा के राज किशोर नगर, वार्ड क्रमांक 58 में श्रवण किया। इस दौरान विधायक सुशांत शुकला सहित कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *