गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंदसौर जिले के ग्राम सेमलिया हीरा स्थित शासकीय विद्यालय में विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर अदिती गर्ग ने विद्यालयीन बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया और उन्हें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कलेक्टर अदिती गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभा और परिश्रम के बल पर व्यक्ति जीवन में कोई भी लक्ष्य प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने विचारों और कल्पनाशक्ति को मजबूत करने की प्रेरणा दी। गणतंत्र दिवस स्वतंत्रता और अधिकारों की याद दिलाता है
कलेक्टर गर्ग ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि देश की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकार अनेक संघर्षों के बाद प्राप्त हुए हैं। आने वाले भविष्य को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। शासकीय विद्यालयों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में विशेष अपनापन और सकारात्मक वातावरण देखने को मिलता है। यहां शिक्षक, विद्यार्थी और समुदाय मिलकर विद्यालय को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक और सामाजिक वातावरण मिलता है। विद्यालय के बच्चों के साथ समय बिताना उन्हें सदैव अच्छा लगता है। मेधावी विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कलेक्टर और उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा। इस अवसर पर मंदसौर विधायक विपिन जैन, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, नानालाल अटोलिया, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, ग्रामीणजन एवं पत्रकार उपस्थित रहे।


