मंदसौर शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस का “माय सिटी, माय ट्रैफिक, माय अरेंजमेंट” अभियान जारी है। इसी क्रम में बुधवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में एक बैठक हुई, जिसमें सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहे से मंडी गेट तक की सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने और उसे अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित और सुगम बनाने के प्रयासों पर चर्चा की गई। बैठक के जानकारी दी गई कि पुलिस प्रशासन ने नगर पालिका, राजस्व विभाग और पीडब्ल्यूडी के सहयोग से पहले ही सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहे का चौड़ीकरण कर दिया है। रोड इंजीनियरिंग और ट्रैफिक संकेत लगाने के बाद अब इस चौराहे पर ट्रैफिक पहले की तुलना में ज्यादा सुचारू हो गया है, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को राहत मिली है। बैठक में आगामी चरणों में आदर्श रोड (सरदार वल्लभ भाई पटेल चौराहा से प्रतापगढ़ पुलिया तक) का चौड़ीकरण और सुधार कार्य पर भी चर्चा हुई। इस पूरे हिस्से से अतिक्रमण हटाया जा चुका है और अब सड़क सुधार, संकेतक, सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था मजबूत करने पर काम किया जाएगा। लोगों से सहयोग की अपील की
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों, दुकानदारों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इस अभियान में सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि जनता के सहयोग से ही शहर की सड़कें सुरक्षित, साफ और जाम मुक्त बनाई जा सकती हैं।


