मंदसौर के दो घरो के ताले टूटे, दो बाइक चोरी:लगातार चोरी होने से रहवासियों में आक्रोश, कहा-पुलिस गश्त नहीं कर रही

मंदसौर शहर के नारायण नगर गोल्ड क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। रविवार को फिर दो बड़े घरों में चोरी और दो बाइक चोरी होने की घटनाओं ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। रहवासियों का कहना है कि चोर खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं, जबकि क्षेत्र में पुलिस की गश्त लगभग न के बराबर है। जानकारी के अनुसार रिश्तेदारों को मुंबई छोड़ने गई हसीना उमराह के घर का चोरों ने ताला तोड़ दिया। जांच में पता चला कि घर से एलईडी टीवी, करीब तीन लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए। पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने मौके का मुआयना तो किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। स्प्लेंडर बाइक उड़ा ले गए चोर रहवासी इरफान ने बताया कि उनकी स्प्लेंडर बाइक घर के बाहर खड़ी थी, जिसे चोर उठा ले गए। यह पहली घटना नहीं है—कॉलोनी में लगातार मोटर साइकलें चोरी हो रही हैं। इरफान ने कहा कि हर दो-चार दिन में चोरी हो रही है, लेकिन पुलिस की गश्त दिखाई नहीं देती। मोहम्मद इमरान ने बताया कि इस वर्ष कॉलोनी में 10 बार से अधिक चोरी हो चुकी है। पिछले दिनों एक घर से चोर एलईडी के साथ सीसीटीवी कैमरे का पूरा सिस्टम तक ले गए। तीन दिन पहले एक मजदूरी करने वाले व्यक्ति की वाहन चोरी की घटना भी सामने आई, लेकिन पुलिस केवल पंचनामा बनाकर लौट गई। सुबह उठे तो गाड़ी गायब मिली – रहवासी साजिद अली शाह ने बताया कि सुबह भीड़ देखकर बाहर निकले तो उनकी गाड़ी भी गायब थी। इससे पहले भी क्षेत्र में आठ-दस दिनों के दौरान तीन-चार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। यदि पुलिस कम से कम एक बार भी गश्त कर ले, तो हालात में सुधार आ सकता है। वारदात वाले स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में चार संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं। इनकी तलाश में पुलिस जुटी है। इस संबंध में एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि पुलिस गश्त जारी है और मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *