मंदसौर जिला स्तरीय जनसुनवाई में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने 53 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन की प्राथमिकता- न्याय और त्वरित समाधान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकरणों पर तत्काल निर्देश जारी किए गए। कयामपुर निवासी दिलीप द्वारा अपनी कृषि भूमि पर कब्जा दिलाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर एसडीएम सीतामऊ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आर्थिक सहायता के मामलों पर संज्ञान नेतावली निवासी मुमताज द्वारा आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया गया, जिस पर एसडीएम मंदसौर शहर को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। मंदसौर निवासी रामकन्या बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया। इस मामले में सीएमओ नगर पालिका मंदसौर को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागीय मामलों की सुनवाई जनसुनवाई के दौरान पशु ऋण, आर्थिक सहायता, सीमांकन, बिजली बिल से जुड़े प्रकरणों के निराकरण, किसान सम्मान निधि का लाभ, भावांतर योजना की राशि और राजस्व अभिलेखों में सुधार से संबंधित अनेक आवेदन भी प्राप्त हुए। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर समय सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।


