मंदसौर कृषि उपज मंडी में बीते पांच दिनों से चली आ रही हम्माल-व्यापारी विवाद की स्थिति के बाद अब राहत की खबर सामने आई है। सोमवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि कल (मंगलवार) से कृषि उपज मंडी को पुनः सुचारू रूप से प्रारंभ किया जाएगा। इससे लंबे समय से परेशान किसानों ने राहत की सांस ली है। कृषि उपज मंडी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जो कि लगभग 3 घण्टे तक चली। इस दौरान सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, विधायक विपिन जैन, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, एसडीएम शिवलाल शाक्य, मंडी सचिव पर्वत सिंह सिसोदिया, जिला किसान संघ अध्यक्ष प्रितिपाल सिंह देवड़ा, दशपुर मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष मनोज जैन, महासचिव नरेंद्र जैन (अन्ना), हम्माल संघ पदाधिकारी दिलीप ग्वाला, मिश्रीलाल ग्वाला सहित तमाम लोग मौजूद रहे। लहसुन-प्याज की नीलामी ट्रैक्टर-ट्राली से होगी
बैठक में निर्णय लिया गया कि कृषि उपज लहसुन एवं प्याज की नीलामी और तौल कार्य ट्रैक्टर-ट्राली के माध्यम से किया जाएगा। वहीं लहसुन की हम्माली व्यवस्था व्यापारी संघ की देखरेख में संपादित की जाएगी। दशपुर मंडी व्यापारी संघ और हम्माल संघ आगामी दो दिवस में आपसी बैठक कर इस व्यवस्था की रूपरेखा तय करेंगे, जो 15 फरवरी 2026 तक लागू रहेगी। यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो आगे भी यथावत जारी रहेगी, अन्यथा पुनः बैठक कर निर्णय लिया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि लहसुन एवं प्याज के अलावा अन्य सभी कृषि उपजों की नीलामी और तौल प्रक्रिया कल से पूर्व की तरह प्रारंभ की जाएगी। 5 दिनों तक ठप रही मंडी, किसान हुए सबसे ज्यादा प्रभावित
बता दें कि 13 जनवरी को हम्माल और व्यापारी के बीच हुए विवाद के बाद मंडी व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। 13 जनवरी को मंडी आधे दिन बंद रही, 14 जनवरी को शासकीय अवकाश रहा, जबकि 15 जनवरी से व्यापारियों ने खरीदी से इनकार कर दिया। इससे नाराज किसानों ने महू-नीमच हाईवे पर चक्का जाम भी किया था। दूर-दराज से आए किसानों को हुआ भारी नुकसान
मंडी बंद रहने के कारण मंदसौर सहित झालावाड़, सागर जैसे दूरस्थ जिलों से आए किसान सबसे ज्यादा परेशान नजर आए। किसानों का कहना था कि हजारों रुपए खर्च कर फसल लेकर आए, लेकिन न खरीदी हुई और न ही उचित दाम मिल पाए। कई किसानों को मजबूरी में अपनी उपज वापस ले जानी पड़ी। सोमवार को स्थिति में बदलाव देखने को मिला और मंडी में मौजूद किसानों का माल बेचा जाना शुरू हुआ। व्यापारियों द्वारा खरीदी किए जाने से किसानों को कुछ राहत मिली। विधायक विपिन जैन की चेतावनी के बाद बढ़ी हलचल विधायक विपिन जैन और कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर मंडी पहुंचे। इस दौरान विधायक विपिन जैन ने मंडी सचिव को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंडी दोबारा बंद हुई तो वे सख्त कदम उठाएंगे। इसके बाद मंडी में खरीदी प्रक्रिया तेज होती नजर आई। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि अब बैठक में बनी सहमति के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि मंदसौर कृषि उपज मंडी मंगलवार से पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित होगी, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।


