मंदसौर में नगर वन देवडूंगरी अभयारण्य का शुभारंभ:डिप्टी सीएम देवड़ा बोले- तन, मन और धन से ऊपर होता है वन

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मंगलवार को मंदसौर जिले को एक बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ग्राम बुगलिया नई आबादी स्थित देवडूंगरी माता मंदिर परिसर में विकसित नगर वन देवडूंगरी अभयारण्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने वनों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “तन, मन और धन से भी ऊपर वन होता है।” साथ ही उन्होंने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण एवं वन संरक्षण की शपथ भी दिलाई। नगर वन देवडूंगरी अभयारण्य भारत सरकार की नगर वन योजना और ग्रीन इंडिया मिशन के अंतर्गत विकसित किया गया है। लगभग 1 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से तैयार यह नगर वन 44 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां जैन तीर्थंकर वाटिका, नक्षत्र वाटिका, पक्षी विहार, हवाई गार्डन, एडवेंचर जोन, आर्टिफिशियल झरने सहित पहाड़ी क्षेत्र को हराभरा बनाने के व्यापक कार्य किए गए हैं। इस परियोजना का कार्य वर्ष 2020 में प्रारंभ होकर अब पूर्ण हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वन किसी एक व्यक्ति की संपत्ति नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक धरोहर हैं। वनों से जुड़ी समस्याओं का समाधान भी सभी को मिलकर करना होगा। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच हरियाली को बचाना और बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा, “मैं वनों, वन्यजीवों एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरा योगदान दूंगा। गांव, विद्यालय एवं आसपास के पर्यावरण की सुरक्षा करूंगा तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाऊंगा।” देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *