मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखूंटा में शनिवार शाम एक पति ने न केवल अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाई, बल्कि उसे बचाने पहुंची उसकी बुआ को भी नहीं छोड़ा। आग की लपटों में घिरी दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी राजनाथ उर्फ राजू (40) गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई थी जबकि ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाकर दोनों की जान बचाई। मामले का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आरोपी खुलेआम पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने भरण-पोषण से बचने और चरित्र शंका के चलते इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। राजस्थान बॉर्डर की ओर भागते समय गिरफ्तार, कस्बे में निकाला जुलूस
नाहरगढ़ पुलिस ने आरोपी राजनाथ उर्फ राजू को राजस्थान बॉर्डर की ओर बाइक से जाते समय बिशनिया चौपाटी के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार दोपहर आरोपी का नाहरगढ़ कस्बे में जुलूस निकाला गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पत्नी ममता से उसका लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जो न्यायालय में विचाराधीन था। आरोपी ने कबूल किया कि वह पत्नी को भरण-पोषण नहीं देना चाहता था, इसी कारण उसने इस जघन्य वारदात की योजना बनाई। उसने यह भी माना कि वह पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और शराब के नशे में घटना को अंजाम दिया। शराब पीकर पेट्रोल छुपाकर लाया, पत्नी का पीछा करते हुए गांव पहुंचा
नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी की सीतामऊ कोर्ट में पेशी थी। पेशी के बाद वह शराब के नशे में पत्नी का पीछा करता हुआ ग्राम पीपलखूंटा पहुंचा। वह अपने साथ पहले से पेट्रोल छुपाकर लाया था। गांव पहुंचते ही घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ने पहले पत्नी ममता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब ममता की बुआ कासूबाई उसे बचाने आईं, तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी। ग्रामीणों ने आग बुझाकर दोनों झुलसी महिलाओं को बचाया। परिजन उन्हें तत्काल मंदसौर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों का बर्न वार्ड में इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, ममता करीब 35 प्रतिशत तक झुलस गई हैं। उनके चेहरे, छाती और पेट पर गंभीर जलने के घाव हैं। बुआ कासूबाई भी गंभीर रूप से झुलसी हैं। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। 15 साल पुरानी शादी, एक साल से अलग रह रहे थे दंपती
पीड़िता ममता और आरोपी राजनाथ की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। उनके तीन बेटे हैं। पिछले एक साल से दोनों अलग-अलग रह रहे थे और मामला कोर्ट में चल रहा था। नवंबर 2024 में ममता ने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। आरोप था कि पति 5 लाख रुपए की मांग करता था और रकम न मिलने पर मारपीट करता था। पीड़िता के पिता राम सिंह नाथ ने सुवासरा पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि तीन महीने पहले उन्होंने थाने में शिकायत दी थी, जिसमें आरोपी द्वारा बेटी को जिंदा जलाने की धमकी का जिक्र था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वीडियो आया सामने, हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, एसिड अटैक सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। संबंधित खबर पढ़ें… पत्नी-बुआ पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, VIDEO:मंदसौर में पति ने कोर्ट से लौटकर की वारदात; पीड़िता बोली- बंदूक दिखाकर धमकाया मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखूंटा में शनिवार शाम करीब 6 बजे एक शख्स ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब उसकी बुआ बचाने पहुंचीं, तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं और जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती हैं। घटना का VIDEO सामने आया है, जिसमें आरोपी आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। पूरी खबर पढ़ें


