गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर लोकतंत्र के उत्सव “भारत पर्व” के अवसर पर जिला जनसंपर्क कार्यालय मंदसौर द्वारा विकास एवं छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन कलेक्टर अदिति गर्ग ने सोमवार रात फीता काटकर किया। इस मौके पर अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, वन मंडल अधिकारी संजय रायखेरे, जिला जनसंपर्क अधिकारी डॉ. ईश्वर चौहान सहित अन्य जिला अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राज्य के विकास कार्यों, नए नवाचारों और संविधान से जुड़े अधिकारों व कर्तव्यों को सरल और आकर्षक तरीके से दिखाया गया। छायाचित्रों, इन्फोग्राफिक्स और संक्षिप्त जानकारी के माध्यम से विकास यात्रा को इस तरह प्रस्तुत किया गया कि आम नागरिक आसानी से समझ सकें। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कलेक्टर अदिति गर्ग ने जनसंपर्क विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में बहुत मददगार होती हैं और लोगों को जागरूक बनाती हैं। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना और संविधान के मूल्यों के प्रति जागरूक करना है। भारत पर्व के दौरान यह प्रदर्शनी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह विकास एवं छायाचित्र प्रदर्शनी भारत पर्व की गरिमा को और बढ़ाती नजर आई और लोकतंत्र के इस उत्सव को और भी अर्थपूर्ण बना गई।


