मंदसौर की कृषि उपज मंडी सभागार में भावांतर भुगतान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने की। इस दौरान योजना के तहत किसानों के पंजीयन, उपज खरीदी और भुगतान से जुड़ी प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। 3 से 17 अक्टूबर तक होगा पंजीयन अधिकारियों ने बताया कि किसानों का पंजीयन कार्य 3 अक्टूबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। पंजीयन की सुविधा सोसायटी स्तर के साथ-साथ ग्राहक सेवा केंद्र, एमपी ऑनलाइन, एमपी किसान ऐप और ई-उपार्जन पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगी। 24 अक्टूबर से शुरू होगी सोयाबीन खरीदी सोयाबीन की खरीदी 24 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 15 जनवरी 2026 तक की जाएगी। योजना के तहत किसानों को बाजार में मिल रहे विक्रय मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अंतर की राशि 15 दिनों के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी। किसानों को मिलेगा बाजार मूल्य गिरने पर भी लाभ सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि भावांतर योजना किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। यह योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे किसान अपने उत्पाद की वाजिब कीमत पा सकें। उन्होंने अधिकारियों को योजना का पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ ले सकें। बैठक में यह रहे मौजूद बैठक में अनुविभागीय अधिकारी शिवलाल शाक्य, भारसाधक अधिकारी, किसान मोर्चा, किसान संघ, व्यापारी संघ, तुलावटी संघ, हम्माल संघ, कृषि विभाग, जिला आपूर्ति विभाग, जिला पंचायत कृषि उपसमिति मंदसौर सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और व्यापारी उपस्थित रहे। इस बैठक के माध्यम से भावांतर योजना के सुचारु संचालन की रूपरेखा तैयार की गई, जिससे किसानों को समय पर लाभ पहुंचाया जा सके।


