मंदसौर में रेड सेंड बोआ की अवैध तस्करी:वन विभाग ने तीन आरोपी पकड़े, सांप के साथ बाइक जब्त

मंदसौर वन विभाग ने शुक्रवार को रेड सेंड बोआ सांप की अवैध तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक फरार हो गया। यह कार्रवाई हवाई पट्टी भालोट रोड, मंदसौर के पास खेत में की गई। वन मंडलाधिकारी संजय रायखेरे के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर एक विशेष दल ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। उनके पास से एक थैले में रखा रेड सेंड बोआ सांप और एक प्लैटिना बाइक जब्त की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बद्रीलाल (निवासी जेठाना, रतलाम) और नवीन जैन (निवासी खानपुरा, मंदसौर) के रूप में हुई। इन दोनों आरोपियों की निशानदेही पर, मामले में शामिल तीसरे आरोपी कौसर बेग (निवासी रिसाला मस्जिद, नीमच) को नीमच से गिरफ्तार किया गया। वन विभाग ने इस संबंध में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सांप को जंगल में छोड़ा
जब्त किए गए रेड सेंड बोआ सांप को कोर्ट की अनुमति के बाद उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। मंदसौर के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने तीनों आरोपियों को 20 जनवरी 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। प्रथम अनुसूची में शामिल है रेड सेंड बोआ
जिला फॉरेस्ट अधिकारी संजय रायखेरे ने बताया कि रेड सेंड बोआ (वैज्ञानिक नाम Eryx johnii) वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की प्रथम अनुसूची (भाग-C) में संरक्षित प्रजाति है। इसकी अवैध तस्करी में 3 से 7 वर्ष तक के कारावास और न्यूनतम 25 हजार रुपए के जुर्माने का प्रावधान है। प्रकरण की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *