रींगस के टेलीफोन एक्सचेंज के पास खाकी वाला बाग स्थित राधा-गोविंद मंदिर से अज्ञात चोरों ने दिन में मूर्तियां चोरी कर लीं। मंदिर के पुजारी विवेक भातरा ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे भोग लगाने के बाद मंदिर में ताला लगाया गया था। शाम को महिलाएं सत्संग के लिए मंदिर पहुंचीं, तो उन्होंने ताला टूटा हुआ पाया। महिलाओं ने तुरंत पुजारी को सूचित किया। चोरों ने राधा-गोविंद की अष्टधातु की मूर्तियों के साथ माता का श्रृंगार, पीतल की घड़ावल और शेषनाग की मूर्ति भी चुरा ली। घटना की जानकारी मिलते ही रींगस थानाधिकारी सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी टीम को बुलाया। चोरी की खबर फैलते ही आसपास के कई लोग मंदिर परिसर में जमा हो गए।


