मऊगंज जिले में शुक्रवार को 1100 से अधिक श्रद्धालुओं को निःशुल्क प्रयागराज कुंभ यात्रा का अवसर मिला है। रामकाज संस्था के संयोजक रासबिहारी पांडे और उनकी टीम ने ऐसे लोगों को चुना गया है जो आर्थिक कठिनाइयों या अन्य कारणों से कुंभ स्नान नहीं कर पाए थे। यह पहली बार है जब मऊगंज से इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को एक साथ निःशुल्क धार्मिक यात्रा का अवसर मिला है। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों और चार पहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने भी इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के दौरान मऊगंज के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और एडिशनल एसपी अनुराग पांडे ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को हरी झंडी दिखाई। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया है और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया गया है। यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है।


