मऊगंज थाना क्षेत्र के निहाई फिल्टर प्लांट से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर प्लांट परिसर में खड़ी नगर पालिका की तीन कचरा गाड़ियों (मैजिक) की बैटरियां उखाड़कर ले गए। इस संबंध में नगर पालिका मऊगंज में तैनात चौकीदार मोतीलाल कोल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, नगर पालिका की कचरा गाड़ियां शुक्रवार शाम करीब 4 बजे चालकों द्वारा फिल्टर प्लांट परिसर में खड़ी की गई थीं। अगले दिन सुबह जब चौकीदार मोतीलाल कोल अपनी ड्यूटी पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि तीनों गाड़ियों के बोनट खुले हुए थे और उनकी बैटरियां गायब थीं। मोतीलाल कोल ने तत्काल इसकी जानकारी नगरपालिका अध्यक्ष बृजवाशी पटेल को दी। चोरी हुई तीनों बैटरियों की अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है। इस घटना से नगर पालिका कर्मचारियों में नाराजगी है और प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की। फरियादी की रिपोर्ट पर शुक्रवार, 29 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध आवाजाही की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों को जल्द पकड़ने के लिए एक टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।


