मऊगंज भाजपा विधायक 20 दिन से लापता:VIDEO में खुद को बताया असुरक्षित, परिवार को भी घर के अंदर रहने कहा

मऊगंज से भाजपा विधायक प्रदीप पटेल पिछले 20 दिनों से अपने क्षेत्र से गायब हैं, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विधायक के मऊगंज स्थित घर और दफ्तर पर ताले लटके हुए हैं और उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे हैं। इस बीच उनका एक वीडियो मंगलवार को सामने आया है, जिसमें उन्होंने खुद को असुरक्षित बताया है। सूत्रों की मानें तो विधायक फिलहाल भोपाल में हैं और उन्होंने अपने परिवार को भी घर के अंदर रहने और सीसीटीवी कैमरे चालू रखने की सलाह दी है। वीडियो में विधायक ने अपने परिवार से ये बातें की हैं- विधायक- बेटा अर्जुन कहा हो?
अर्जुन – बब्बा जी घर में है।
विधायक- घर में हो तो बेटा घर में ही रहना।
अर्जुन- जी।
विधायक- बाहर बिल्कुल नहीं निकलना है और कोई लोग आएंगे तो उन्हें बैठाना है।
अर्जुन- जी।
विधायक- कोई सामान की जरूरत होती है तो ऑनलाइन मंगा लेना, पर थोड़ा सा जब घर जाना रीवा तो भाभी को भी समझा देना। वह हमें को डरवा रही थी कि बाहर मत जाओ हम इसलिए भोपाल आ गए।
अर्जुन- जी।
विधायक- अपने सेवा कार्य जो चल रहे हैं। वह जारी रखें रहना जनता की जो समस्याएं हैं, लेटर पैड से भेजते रहना। अधिकारियों के साथ जो मीटिंग होगी तो तुम अटेंड कर लेना मेरा जाना ना के बराबर होगा।
अर्जुन- हां।
विधायक- सब चीज इस तरह रहे 3 साल बाद देखेंगे राजनीति अपने को नहीं करना है जो लोग करेंगे बच बचाकर करना।
अर्जुन- लोग डरे हुए हैं, कहते हैं कि जब हमारा जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है तो हम लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे? लोग पूछ रहे हैं विधायक जी कहां है?
विधायक- मेरे पास भी फोन आ रहे हैं। बहुत सारे मिस कॉल पड़े हैं, उनको समझाएं, सब को नहीं समझाया जा सकता है। तुम्हारा काम है, सबको समझना कोई भी आक्रोषित ना हो, और आक्रोषित होने की जरूरत होने की जरूरत नहीं है, थोड़ा सा देखना कोई भी आए और घंटी बजाई तो दरवाजा नहीं खोलना है। अभी कोई भी बोल देना कि कोई चीज चाहिए तो ऑनलाइन मंगा लेगा बाहर नहीं निकलेगा।
अर्जुन- हां।
विधायक- पूछेगा तो क्यों तो बताना नहीं है, जो चीजें मांगना होगा, ऑनलाइन मंगा लेना। जमीन विवाद से शुरू हुआ मामला, एसआईटी गठित विवाद की शुरुआत 3 जनवरी को नेशनल हाईवे के पास एक विवादित जमीन को लेकर हुई थी, जहां विधायक का दूसरे पक्ष से आमना-सामना हुआ था। विधायक ने जिस अनिल पांडे पर खतरे का आरोप लगाया है, उसका कहना है कि विधायक के दबाव में प्रशासन उसे ही निशाना बना रहा है। मऊगंज एसपी दिलीप सोनी का कहना है कि जिले में स्थिति सामान्य है और किसी गैंग का डर नहीं है। मामले की जांच के लिए एसडीओपी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एसआईटी (SIT) बना दी गई है। विपक्ष ने बताया ‘प्रोपेगेंडा’, दबाव की राजनीति के कयास कांग्रेस ने विधायक के इस व्यवहार को महज एक नाटक बताया है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता अनिल तिवारी का आरोप है कि विधायक विवादित जमीन पर कब्जे के लिए प्रशासन पर दबाव बनाने का खेल खेल रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *