रीवा संभाग के सभी जिलों में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत 19 दिसंबर से 24 दिसम्बर तक सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके चलते मंगलवार को संयुक्त संचालक ने नगर परिषद मऊगंज के विभिन्न वार्डों का भ्रमण करके ट्रेंचिंग ग्राउंड और अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उप संचालक मंडी में मऊगंज जिले के पटाई, विशेषर और नौढ़िया में आयोजित शिविरों में शिरकत की। उप संचालक मछली पालन डॉ. अंजना सिंह ने जूनियर कन्या छात्रावास गोविंदगढ़ का निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास ऊषा सिंह सोलंकी तथा संभागीय दल के अन्य सदस्यों ने मैहर जिले के अमरपाटन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। नगर परिषद अमरपाटन के वार्ड क्रमांक 5 में आयोजित जनकल्याण शिविर में सहभागिता निभाते हुए लाड़ली लक्ष्मी योजना के तीन बेटियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। दल के सदस्यों ने सतना जिले के ग्राम बरती में माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया तथा जनकल्याण शिविर में शामिल हुए। संभाग के अन्य अधिकारी भी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं।


