मऊगंज में सड़क किनारे मिला युवक का शव:चेहरे पर धारदार हथियार से वार, पुलिस ने हत्या की आशंका जताई

मऊगंज थाना क्षेत्र के डगडौआ गांव के पास मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला। युवक के चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। घटना मंगलवार सुबह 30 दिसंबर की है। सुबह करीब 8 बजे घना कोहरा छटने के बाद राहगीरों ने सड़क किनारे एक शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मऊगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मऊगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। युवक के चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के स्पष्ट निशान थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई होगी और शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से यहां सड़क किनारे फेंका गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और क्षेत्र में पूछताछ जारी है। मऊगंज थाना प्रभारी संदीप भारतीय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *