मऊगंज के ग्राम दुगौली निवासी पूनम तिवारी ने अपने घर में हुई चोरी के मामले में 14 महीने बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने पर एसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने बुधवार को एसपी को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। घर से चोरी का मामला पूनम तिवारी ने आवेदन में बताया कि घटना 30 सितंबर 2024 को सुबह 10:30 बजे से दोपहर एक बजे के बीच हुई। अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपए नकद चुरा लिए थे। इस घटना के बाद से उनका परिवार मानसिक और आर्थिक तनाव में है। अधिकारियों से कई बार लगाई गुहार चोरी की शिकायत दर्ज कराने के बाद पूनम तिवारी ने लगातार विभिन्न अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने एक अक्टूबर 2024 को पुलिस अधीक्षक, 14 अक्टूबर 2024 को कलेक्टर, 15 अक्टूबर 2024 को पुलिस महानिरीक्षक (रीवा जोन), 21 अक्टूबर 2024 को एसडीओपी कार्यालय और 29 अक्टूबर 2024 को एसपी जनसुनवाई में आवेदन दिए। इसके अलावा, उन्होंने 24 दिसंबर 2024 और 26 अगस्त 2025 को भी पुलिस महानिदेशक (DGP) को मामले से अवगत कराया। पीड़िता का कहना है कि इतने प्रयासों के बावजूद जांच में कोई सार्थक प्रगति नहीं हुई और संदिग्धों से उनके परिवार को लगातार खतरा बना हुआ है। मामले में मऊगंज एसपी दिलीप सोनी ने जांच एसडीओपी सची पाठक को सौंपी है और शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है।


