मऊगंज पुलिस ने क्षेत्र के आदतन अपराधी मनीष सिंह सेंगर के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) यानी रासुका के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कड़े पहरे में केंद्रीय जेल रीवा भेजा गया है। लूट और हत्या के प्रयास जैसे 29 मामले दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ग्राम भाठी सेंगर निवासी मनीष सिंह सेंगर (30) लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था। उसके खिलाफ मऊगंज और आसपास के थानों में लूट, मारपीट, हत्या का प्रयास, अपहरण, अवैध हथियारों की तस्करी और नशीली कफ सिरप के अवैध परिवहन जैसे कुल 29 गंभीर मामले दर्ज हैं। कलेक्टर ने जारी किया जेल भेजने का आदेश आरोपी की बढ़ती गुंडागर्दी को देखते हुए एसपी ने उसके पूरे आपराधिक रिकॉर्ड के साथ एनएसए का प्रस्ताव जिला कलेक्टर एवं दंडाधिकारी मऊगंज को भेजा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने 23 जनवरी 2026 को आरोपी को एनएसए की धारा 3(2) के तहत जेल में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया। इस आदेश के पालन में शनिवार को मऊगंज पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया। अपराधियों में खौफ, पुलिस की मुहिम जारी यह कार्रवाई एसपी दिलीप सोनी के निर्देशन और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संदीप भारतीय द्वारा की गई। टीआई ने बताया कि वर्ष 2026 की शुरुआत से ही इनामी बदमाशों और आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य अपराधियों पर भी जिला बदर और रासुका जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।


