मऊगंज की नईगढ़ी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक मामले में पांच महीने से फरार चल रहे इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रेमप्रकाश साकेत उर्फ गोलू पांच महीने से फरार था। आरोपी प्रेमप्रकाश साकेत उर्फ गोलू को नईगढ़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने जब्त की 30 हजार रुपए की शराब पुलिस के अनुसार, यह मामला 21 जुलाई 2025 का है। उस दिन मुखबिर की सूचना पर ग्राम भलुहा तालाब के पास एक लाल रंग की कार (क्रमांक MH 04 DY 3419) को रोका गया था। कार की तलाशी में 6 पेटी, कुल 54 लीटर देसी प्लेन सफेद शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपए थी। इस दौरान पुष्पेंद्र जायसवाल और विनोद कुमार साकेत को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी प्रेमप्रकाश साकेत उर्फ गोलू फरार होने में सफल रहा था। बीते पांच माह से पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई हाल ही में मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खर्रा स्थित आरोपी के घर पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी पीछे के दरवाजे से भागने लगा। पुलिस टीम ने करीब 3 से 4 किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को 25 दिसंबर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक जगदीश सिंह ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक नारायण प्रसाद पाण्डेय, प्रधान आरक्षक रामकुमार भास्कर सहित पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


