मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। देवतालाब-नईगढ़ी मुख्य मार्ग पर पूर्वा गांव के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब सड़क पार कर रहे हरिवंश कोल को बाइक सवार रजनीश कुशवाहा की बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे 30 वर्षीय बाइक चालक रजनीश कुशवाहा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी पहुंचाया गया। गंभीर चोटों के कारण वृद्ध हरिवंश कोल की उपचार के दौरान ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर्स ने बेहतर इलाज के लिए संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया। पुलिस को मृतक की सूचना दी गई। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए रात होने के कारण शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी की मर्चुरी में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।


