मऊ में युवक ने खुद को गोली मारकर सुसाइड किया:परिजन बोले- नशे की हालत में था, बिस्तर पर पड़ा मिला कारतूस

चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार रात दलौनीपुरवा मजरा चकौर गांव में हुई। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 33 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय कुंवर सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे जितेंद्र नशे की हालत में अपने कमरे में थे। उन्होंने 12 बोर के तमंचे से अपने दाहिने कान के ऊपर गोली मार ली। परिजनों ने तुरंत जितेंद्र को इलाज के लिए सराय अकिल, कौशांबी ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को घर वापस लाया गया और रात 11 बजे 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर फील्ड यूनिट टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान, मृतक की दाहिनी पैंट की जेब से 12 बोर का एक खाली कारतूस मिला। बिस्तर पर पड़े तमंचे में भी एक खाली कारतूस फंसा हुआ पाया गया। मृतक के भाई वीर सिंह की तहरीर पर मृतक जितेंद्र सिंह के खिलाफ मु. अ. सं. 408/25 धारा 3/25 ए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मऊ थाना प्रभारी दुर्विजय सिंह ने फोन पर बताया कि युवक ने स्वयं गोली मारी है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *