सागर। मकर संक्रांति के अवसर पर मंगलवार को रामसरोज समूह के समाजसेवी संजीव केसरवानी, शैलेश केसरवानी और अखिलेश मोनी केसरवानी ने त्रिवेणी संगम प्रयागराज के पवित्र जल का पूजन-अर्चन कर सागर नगरवासियों में जल, खिचड़ी और लड्डुओं का वितरण किया। इस अवसर पर नर्मदा भक्त गृहस्थ संत पंडित केशव गोस्वामी महाराज ने शास्त्रों के अनुसार मकर संक्रांति के दिन गंगा स्नान का महत्व बताते हुए कहा कि इस दिन संगम का जल लेने से गंगा स्नान का पुण्य मिलता है। समाजसेवी संजीव केसरवानी ने कहा कि हर कोई किसी कारणवश पवित्र नदी में स्नान नहीं कर पाता, इसलिए रामसरोज समूह ने प्रयागराज के त्रिवेणी संगम का जल लेकर सागर नगरवासियों को उपलब्ध कराया। उन्होंने बताया कि बुधवार को चकराघाट प्रांगण में भी गंगाजल और लड्डू का वितरण किया जाएगा। समाजसेवी शैलेश केसरवानी ने कहा कि मकर संक्रांति पर पवित्र जल से स्नान करने का विशेष महत्व है और समूह द्वारा यह सुविधा सागरवासियों तक पहुंचाई जा रही है। अखिलेश मोनी केसरवानी ने कहा कि उत्तरायण की शुरुआत का प्रतीक यह पर्व आध्यात्मिक उन्नति का समय है। जब लोग गंगा और त्रिवेणी संगम के जल से स्नान करेंगे, तो जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। इस अवसर पर किन्नर समाज की रानी ठाकुर, आरआर पाराशर, पुष्पेंद्र सिंह कर्रापुर, सुरेंद्र चावड़ा, डॉ. हेमंत लारिया, मनोज गुप्ता, मूरत पटेल, रजनीश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित रही।


