मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार को बीकानेर के रायसर धोरों पर पहली बार पतंग उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे स्थानीय नागरिकों, रौबीलों और महिलाओं ने पतंगबाजी का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़, कार्यक्रम प्रभारी एवं उपनिदेशक महेश व्यास, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बता दे कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस वर्ष पहली बार सभी संभाग मुख्यालयों के साथ-साथ जैसलमेर और माउंट आबू में भी पतंग उत्सव आयोजित किए गए। इसी कड़ी में रायसर में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम प्रभारी व्यास ने बताया कि इस उत्सव में बीकानेर का पारंपरिक ‘चंदा’ भी उड़ाया गया। पतंगबाजों ने ‘आकासां में उडे म्हारो चंदो, लक्ष्मीनाथ म्हारी सहाय करे’ और ‘गवरा दादी पून दे, टाबरियां रो चंदो उडे’ जैसे पारंपरिक गीतों के साथ पतंगबाजी का लुत्फ उठाया। इस अवसर पर परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने सड़क सुरक्षा सप्ताह की जानकारी देते हुए यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचने का आह्वान किया। इस दौरान सहायक पर्यटन अधिकारी योगेश राय, लोक कलाकार अनिल बोड़ा, आर्यन जोशी, हिमांशु जोशी, आर्यन बीकानेरी और ज्योति स्वामी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


