जयपुर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मरुधरा पारीक परिवार ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक सराहनीय पहल की। मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में परिवार ने 50 लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न केवल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना था, बल्कि मकर संक्रांति के दौरान पतंगबाजी से होने वाली दुर्घटनाओं से लोगों को सुरक्षित रखना भी था। मुरलीपुरा थानाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मरुधरा पारीक परिवार के सदस्यों ने इस अवसर पर लोगों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में मरुधरा पारीक परिवार के प्रमुख सदस्य रामदेव , लक्ष्मीनारायण जी, प्रेमसुख , सांवरमल , देवीदत्त जी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि यह कार्यक्रम समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।


