मकर संक्रांति पर सिद्धबाबा मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ मंगलवार को मकर संक्रांति धूमधाम से मनाई गई। पूरे दिन भर दान-पुण्य का दौर चला। क्षेत्र के धार्मिक महत्व के स्थल सिद्धबाबा पहाड़ी व पुण्यसलिला हसदेव गंगा में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने सपरिवार हसदेव गंगा में डुबकी लगाई और परम सिद्ध श्री मृत्युंजय संकट मोचन-धाम में विधिवत् आराधना कर पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना की। सनातन धर्म में सूर्य जिस समय धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं, उसे मकर संक्रांति कहते हैं। संक्रांति के अवसर पर पुण्य सलिला हसदेव गंगा तट, सिद्धबाबा पहाड़ी व कर्मघोंघेश्वर धाम में प्रमुख रूप से मेले का आयोजन किया गया। यहां श्रद्धालु सपरिवार पहुंचकर भगवान भास्कर व धार्मिक स्थलों पर विराजित देवों की आराधना कर पारिवारिक कुशल क्षेम की कामना करते देखे गए। हसदेव गंगा तट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यहां प्रातःकाल स्नान कर श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को जल अर्पण किया। वहीं उनके द्वारा तिल व चावल का दान भी किया गया। संक्रांति के अवसर पर परम सिद्ध मृत्युंजय श्री संकटमोचन धाम समिति ने मेले का आयोजन किया। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिद्धबाबा पहाड़ी पर केदारनाथ के तर्ज पर निर्मित शिव मंदिर में विराजित महादेव के दर्शन के लिए भी नगर सहित आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। यहां बाबा भोलेनाथ का फूलों से आकर्षक शृंगार किया गया था। यहां पूर्व विधायक गुलाब कमरो के साथ उपस्थित अन्य श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भोलेनाथ की आराधना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *