मकर-संक्रांति में दलपत सागर में जलाए जाएंगे 2.5 लाख दीपक:तैयारियों में जुटा निगर निगम अमला, मेयर बोले- 60-70 प्रतिशत हो गई सफाई

मकर संक्रांति के खास मौके पर जगदलपुर के दलपत सागर में लगभग 2.5 लाख से ज्यादा दीपक जलाए जाएंगे। अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के लोग साथ मिलकर दीप जलाएंगे। जिसकी तैयारियों में नगर निगम की जुट गई है। दलपत सागर में प्रतिदिन सफाई अभियान सुचारु रूप से चलाया जा रहा है। शुक्रवार को सफाई व्यवस्था एवं तैयारियों को देखने महापौर अपनी टीम के साथ दलपत सागर पहुंचे और अधिकारियों को साफ-सफाई को निरंतर बनाए रखने के लिए कहा। मेयर बोले- 60 से 70 प्रतिशत हो गई सफाई मेयर संजय पांडेय ने कहा कि, शहर के इस ऐतिहासिक दलपत सागर को स्वच्छ, सुंदर और संरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम लगातार सफाई अभियान चला रही है। बीते चार महीनों से दलपत सागर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें जलकुंभी और घास को हटाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। तालाबों में फैलने वाली जलकुंभी को समाप्त करने के लिए स्वर्निर्मित मशीन, विड हार्वेस्टिंग मशीन और मोटर बोट का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पर्व पर दलपत सागर में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसी को लेकर सफाई अभियान को और तेज किया गया है। कल करेंगे श्रमदान शनिवार सुबह 8 बजे दलपत सागर में विशेष श्रमदान और स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।इसके पश्चात दीपोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस अवसर पर महापौर संजय पांडेय ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि दलपत सागर हमारी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर है। इसे स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग बढ़ाने के लिए श्रमदान का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने शहर की जनता से अपील की है कि वे इस कार्य में अपनी सहभागिता दें। एक दिया स्वच्छता के नाम जरूर जलाए और मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *