गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले खिचड़ी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने 05016/05015 नौतनवा-गोरखपुर-नौतनवा अनरिजर्व्ड मेला स्पेशल ट्रेन चलाई है। यह स्पेशल ट्रेन 13 से 22 जनवरी, 2025 तक नौतनवा से गोरखपुर के लिए और 14 से 23 जनवरी, 2025 तक गोरखपुर से नौतनवा के लिए चलाई जाएगी। ट्रेन का शेड्यूल
05016 नौतनवा-गोरखपुर अनरिजर्व्ड मेला स्पेशल ट्रेन 13 जनवरी से 22 जनवरी तक नौतनवा से रात 8:50 बजे रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों जैसे बरवा कलां, नईकोट, भागीरथपुर, लक्ष्मीपुर, झामट, पुरंदरपुर, कैम्पियरगंज, राम चौरा, महावनखोर और पीपीगंज होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 12:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं, 05015 गोरखपुर-नौतनवा अनरिजर्व्ड मेला स्पेशल ट्रेन 14 जनवरी से 23 जनवरी तक गोरखपुर से सुबह 2:30 बजे रवाना होगी और 10 स्टेशनों से होते हुए नौतनवा तक जाएगी। यह ट्रेन सुबह 5:15 बजे नौतनवा पहुंचेगी। श्रद्धालुओं को मिलेगी अधिक सुविधा
इस स्पेशल ट्रेन सेवा का संचालन 8 कोच के डेमू रेक से किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुविधा मिल सके। रेलवे प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाएगी।


