लुधियाना| थाना सलेम टाबरी के अंतर्गत आने वाले नेताजी नगर में बीती रात मकान खाली करवाने को लेकर मकान मालिक और किराएदार के बीच झगड़ा हो गया, जिसमें किराएदार की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश गुलाटी (40) वासी मोहन लाल, नेताजी नगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राकेश गुलाटी पिछले 10 सालों से अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ किराए के मकान में रह रहा था। बीती रात मकान मालिक और उसका बेटा राकेश गुलाटी के कमरे में पहुंचे और उसे मकान खाली करने की धमकी दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई, और गुस्से में आकर मकान मालिक ने राकेश गुलाटी को धक्का दे दिया। धक्के से गिरकर राकेश जमीन पर गिर पड़ा और उसे तुरंत इलाज के लिए डी.एम.सी. अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन राज मेहता ने मकान मालिक पर आरोप लगाया है कि वह जानबूझकर राकेश गुलाटी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। घटना के बाद मकान मालिक परिवार समेत घर को ताला लगाकर फरार हो गया है। मामले में थाना सलेम टाबरी की पुलिस जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।


