अंबागढ़ चौकी| अंबागढ़ चौकी से करीब 10 किलोमीटर दूर आटरा गांव में शनिवार देर शाम एक तेंदुआ दाखिल हो गया। तेंदुआ गांव के एक मकान की बाउंड्री पार कर घर के भीतर चला गया। जिसे ग्रामीण घर कर रखे हुए हैं। आटरा गांव शिवनाथ नदी के तट पर मौजूद है। रात करीब 8:30 बजे तेंदुए को गांव के भैया राम यदु ने देखा। तेंदुआ उनके मकान के पिछले हिस्से में बाउंड्री पर बैठा हुआ था। इसके बाद घर के सभी लोग बाहर निकल गए। तेंदुआ बाउंड्री पार कर घर के भीतरी हिस्से में दाखिल हो गया। इसके बाद पूरा गांव भैया राम के घर के बाहर एकत्रित हो गया है। वन विभाग की टीम को भी सूचना दी गई है। हालांकि रात 10 बजे तक टीम गांव नहीं पहुंची थी। गांव में दहशत का माहौल है।


