भास्कर न्यूज | कोंडागांव छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में मछुआरा वर्ग, सहकारी समितियों, समूहों एवं मत्स्य पालकों के साथ बैठक एवं परिचर्चा आयोजित की गई। इस बैठक में मछुआरों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों को मटियारा के समक्ष रखा। बैठक के दौरान विभागीय योजनांतर्गत एक समिति को मछली पकड़ने के जाल भी वितरित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। मटियारा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों और मछुआरों की आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मछुआ समुदाय से शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर उत्पादन बढ़ाने व आय में वृद्धि करने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने केसीसी योजना का लाभ लेने की अपील भी की। इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं मछुआरों सहित अन्य अधिकारी एव कर्मचारी उपस्थित रहे। कोंडागांव। बैठक में समिति को मछली पकड़ने का जाल वितरित किया गया।


