भास्कर न्यूज | रामचंद्रपुर बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में हुए आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मजदूरी का भुगतान न होने व लगातार दबाव के कारण मजदूर ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उप्र सोनभद्र दुद्धी ग्राम सुंदरी निवासी रामचंद्र मानिकपुरी 32 साल और पिता रामशरण मानिकपुरी 65 साल के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार जय गोविंद मानिकपुरी को दो साल पहले ठेकेदार रामचंद्र मजदूरी के लिए लाया था। उससे राजमिस्त्री का काम लिया। आरोप है कि करीब 1 लाख रुपए की मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। मजदूरी मांगने पर ठेकेदार ने यह कहकर भगा दिया कि सारा पैसा चुका दिया गया है। बीते 30 जुलाई को लौटते समय जय गोविंद की बाइक मजदूरों ने छीन ली। ठेकेदार रामचंद्र ने फोन पर मजदूरों को कहा था कि उनकी रकम जय गोविंद देगा, नहीं तो उसकी बाइक रख लें। वह मदद के लिए ठेकेदार के पिता रामशरण के पास गया, तो उसने झगड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। मानसिक और आर्थिक दबाव से टूटकर जय गोविंद ने 31 जुलाई की रात फांसी लगा ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


