भास्कर न्यूज | डौंडी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद द्वारा शनिवार को डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम गोटूलमुंडा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्याम लाल नवरत्न के आदेशानुसार एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भारती कुलदीप के मार्गदर्शन में हुआ। थाना स्तर की पैरा लीगल वॉलंटियर प्रमेश्वरी मेश्राम द्वारा आयोजित इस शिविर में मनरेगा कार्यस्थल पर कार्यरत मजदूरों एवं ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर के दौरान बताया गया कि गरीब एवं असहाय व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही महिला एवं बाल संरक्षण कानून, घरेलू हिंसा, वृद्धजन कल्याण, श्रमिक अधिकार, तथा नेशनल लोक अदालत के माध्यम से छोटे विवादों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति एवं नशे से पीड़ित व्यक्तियों के पुनर्वास, मानसिक रूप से बीमार एवं दिव्यांगजनों को विधिक सहायता द्वारा सशक्त बनाने, नालसा टोल फ्री नंबर 15100, प्रतिधारक अधिवक्ता की भूमिका आदि विषयों पर जानकारी दी।


