मजदूर बोले-ठेकेदार ने बंधक बनाकर पीटा, 3.85 लाख नहीं दिए:गोली मारने की धमकी दी,हिसाब-किताब की डायरी जलाई, राजस्थान से दुर्ग कपास तोड़ने आए थे

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के चेटवा गांव में राजस्थान से कपास तोड़ने आए मजदूरों को बंधक बनाए जाने, मारपीट और मजदूरी नहीं देने का मामला सामने आया है। मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदारों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी, पूरी मजदूरी रोक ली और हिसाब-किताब की डायरी तक जला दी। वहीं, उन्होंने पुलिस पर भी ठेकेदारों का पक्ष लेने का आरोप लगाया गया है। मामला कुम्हारी थाना क्षेत्र का है। राजस्थान के अलवर जिले से करीब 15 मजदूर, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, 2 महीने पहले कपास तोड़ने के लिए दुर्ग लाए गए थे। मजदूरों का कहना है कि नरेश नाम के व्यक्ति ने उन्हें काम दिलाने का भरोसा दिया था। बाद में जोगेंद्र और उसके भाई गोरा मलिक के खेत में उन्हें कपास तोड़ने का काम दिया गया। सौदा 10 रुपए प्रति किलो (100 किलो पर 1000 रुपए) तय हुआ था। मजदूरों का 3 लाख 85 हजार रुपए बकाया मजदूर राजकुमार के अनुसार 3 महीने में उनकी कुल मजदूरी 4 लाख 35 हजार रुपए बनती है। ठेकेदार ने 9 जनवरी को सिर्फ 50 हजार रुपए दिए, जबकि 3 लाख 85 हजार रुपए अब भी बकाया है। जब मजदूरों ने अपनी मजदूरी मांगी तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि जोगेंद्र और गोरा मलिक ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। लेखा-जोखा की जलाई डायरी मजदूरों का कहना है कि 22 जनवरी को ठेकेदार और उसके भाई ने उनकी वह डायरी जला दी, जिसमें पूरे काम का हिसाब दर्ज था। इसके बाद कई मजदूरों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि 10 मजदूरों और 2 बच्चों को खेत में बंधक बनाकर रखा गया था। किसी को बाहर जाने नहीं दिया जा रहा था। SP कार्यालय पहुंचकर शिकायत की डर के कारण कुछ मजदूर भागे और कुम्हारी थाना पहुंचे। मजदूरों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी मदद करने के बजाय ठेकेदारों का साथ दिया। पुलिस की मौजूदगी में भी ठेकेदारों ने गोली मारने की धमकी दी। मजदूरों का कहना है कि रात करीब 3 बजे वे जान बचाकर खेत से निकलकर चरोदा के एक मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने रात गुजारी। मजदूरों ने घटना का वीडियो भी बनाया है, जिसमें बातचीत रिकॉर्ड हुई है। हालांकि, वीडियो में किसी का चेहरा स्पष्ट नहीं है। 24 जनवरी को मजदूर भिलाई-3 SDM कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दी। ठेकेदार बोला- कोई विवाद नहीं, पुलिस ही बताएगी सब वहीं ठेकेदार जोगेंद्र ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि मजदूरों से उसका कोई विवाद नहीं है। जो भी जानना है पुलिस से बात कर लीजिए। वहीं इस पूरे मामले में सीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि मजदूरों को बातचीत के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे सामने नहीं आए। ठेकेदार के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। मजदूरों को भगाने के आरोपों से पुलिस ने इनकार किया है। दोनों पक्षों को दोबारा बुलाकर बातचीत कराने की बात कही गई है। …………………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… रायपुर मोजो मशरूम-फैक्ट्री केस…ब्लेड से हमला, कच्चा खाना दिया: नाबालिगों को पीट-पीटकर 18 घंटे काम करवाया, मजदूरों को बंधक बनाकर रखा; 4 ठेकेदारों पर FIR रायपुर के मोजो मशरूम फैक्ट्री केस में पुलिस ने 4 ठेकेदारों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि इन्होंने काम के बहाने नाबालिगों को अलग-अलग राज्यों से रायपुर लेकर आए। फिर यहां बंधक बनाकर मारपीट की और 18 घंटे तक मशरूम उगाने का काम करवाया। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *