केंद्र सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1 अप्रैल 2024 से मनरेगा की मजदूरी 261 रुपए से बढ़ाकर 289 रुपए कर दी गई है। लेकिन छिंदवाड़ा जिले की कुछ पंचायतों में अब भी मजदूरों को दिए जाने वाले वेतन में अनियमितताएं की शिकायत आ रही है। ऐसी ही शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में मंगलवार को सोनखावा, थांवरीखुर्द, केवलारी गांव के ग्रामीण पहुंचे। उन्होंने पंचायत के जिम्मेदारों पर मजदूरी का कम भुगतान किए जाने के आरोप लगाए। मजदूर महिलाओं ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें 150 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से रोजगार गारंटी योजना के तहत काम की मजदूरी मिल रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मजदूरी की राशि बढ़ाए जाने की गुहार लगाई। मजदूर महिलाओं का कहना था कि सहायक सचिव उन्हें सही मजदूरी का भुगतान नहीं कर रहे हैं।


