मजबूर पहाड़ी कोरवा ने आत्महत्या की थी, दो भू-माफिया को किया गिरफ्तार

भास्कर न्यूज |राजपुर बलरामपुर जिले के बरियो चौकी अंतर्गत ग्राम भेस्की में एक गंभीर मामले में पुलिस ने दो भू-माफिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पहाड़ी कोरवा समुदाय के भईरा राम ने सामुदायिक भूमि विवाद और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर 22 अप्रैल को अपने गोठान में युवक फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। मामले में सर्व आदिवासी समाज और पहाड़ी कोरवा समुदाय ने िजला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन और चक्काजाम की चेतावनी दी थी। राजपुर एसडीएम राजीव जेम्स कुजुर और पुलिस अधिकारी इमैनुएल लकड़ा के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ था। इसके बाद से ही पुलिस एक्शन मोड़ में काम कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर भूमि क्रेता शिवा राम और भू-माफिया उदय शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रामानुजगंज जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। बताया गया है कि भू-माफिया ने धोखाधड़ी कर 6 एकड़ सामुदायिक भूमि को फर्जी रजिस्ट्री कराकर हड़प लिया था। इसके लिए उन्होंने महिलाओं को महतारी वंदन योजना के लाभ के बहाने राजपुर बुलाया और फर्जी अंगूठा लगाकर रजिस्ट्री करवाई। परिजनों ने बताया कि भईरा राम को लगातार धमकाया जा रहा था, जिससे मानसिक तनाव में आकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस उपपंजीयक, पटवारी सहित अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *