आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की जमानत याचिका पर आज पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। वहीं सूत्रों से पता चला है कि ब्यास डेरा प्रमुख गुरविंदर सिंह ढिल्लों आज नाभा जेल में मजीठिया से मुलाकात कर सकते हैं। डेरा प्रमुख नाभा में सत्संग केंद्र का शुभारंभ करने जा रहे हैं। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई भी कुछ नहीं बोल रहा है। पता चला है कि ब्यास प्रमुख मजीठिया परिवार की रिश्तेदारों में से हैं।
दस मेंबरों की सूची में शामिल है नाम
जेल मैनुअल के तहत मजीठिया से कोई मुलाकात कर सकता है। पता चला है कि परिवार की तरफ से जिन करीब दस लोगों की सूची जेल प्रशासन को सौंपी है। उसमें डेरा ब्यास प्रमुख गुरविंदर सिंह ढिल्लों का नाम भी शामिल है। हालांकि यह मुलाकात कितने बजे होगी। इस बारे में अभी समय नहीं बताया जा रहा है। लेकिन पता चला है कि दोपहर 12 बजे के करीब मुलाकात कर सकते है। इससे मजीठिया की पत्नी गनीव कौर, बहन सांसद हरसिमरत कौर बादल मुलाकात कर चुकी है। उन्होंने जेल में पहुंचकर इस बार मजीठिया को राखी बांधी थी। हालांकि उससे पहले एक बार पहले भी मुलाकात के लिए गई थी, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई थी। कई करीबी लोगों के दर्ज किए बयान मजीठिया को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 25 जून 2025 को अमृतसर से गिरफ्तार किया था। उन पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज है। तब से मजीठिया जेल में हैं। इस केस को विजिलेंस ने 2021 में दर्ज किए गए एनडीपीएस केस से जोड़ा है। उस समय पंजाब के तत्कालीन डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय, ईडी के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह, अजनाला के पूर्व विधायक समेत 200 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए गए थे। विजिलेंस का कहना है कि केस बहुत मजबूत है और इस बार मजीठिया आसानी से जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे। 700 करोड़ से अधिक की है संपत्ति आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने 22 अगस्त को अदालत में 40 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। विजिलेंस के वकीलों का कहना है कि केस में 200 से ज्यादा गवाह बनाए गए हैं और 400 से अधिक बैंक खातों की जांच की गई है। वहीं, एक एडवोकेट का दावा है कि मजीठिया ने अपने ड्राइवर आदि जैसे लोगों के नाम पर प्रॉपर्टी खरीदी थी। कुल संपत्ति लगभग 700 करोड़ रुपये आंकी गई है। मजीठिया का डिसप्रपोर्शनट एसेट्स (डीए) 1200 प्रतिशत से अधिक बताया जा रहा है। वहीं, उन पर अमृतसर में पुलिस से गलत व्यवहार करने का केस भी दर्ज किया गया है।


