महासमुंद| खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चरौदा से खुटेरी जाने वाले वन मार्ग में एक बाइक सवार युवक पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना बीते 1 फरवरी की रात बताई जा रही है। खल्लारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजेंद्र कुमार पिता फुल सिंह ग्राम पंचायत चरौदा का रहने वाला था। जो बिना नंबर की प्लेटिना बाइक से ग्राम अमलोर से मड़ई गया हुआ था। जहां से वापस अपने घर लौट रहा था इस दौरान बीती रात को ग्राम खुटेरी के पास वन परिक्षेत्र से गुजर रहा था। रास्ते में अंधेरा था। इसके चलते बाइक सवार युवक को रास्ता दिखाई नहीं दिया। और वह सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया। जहां उनकी मौत हो गई। सुबह वहां से गुजर रहे गांव के लोगों ने युवक की लाश को सड़क किनारे पड़े देखा। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। रविवार को सूचना पर घटनास्थल पहुंचकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में खल्लारी थाना में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।


