भास्कर न्यूज | जामताड़ा नगर पालिका आम चुनाव 2026 की मतगणना न्यू पॉलिटेक्निक कॉलेज, पाथरचापड़ा स्थित मतगणना केंद्र में शुक्रवार सुबह से ही उत्साहपूर्ण माहौल के बीच शुरू हुई। सुबह होते ही विभिन्न वार्डों व अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतगणना केंद्र पहुंचने लगे। परिणाम जानने की उत्सुकता के कारण केंद्र के आसपास दिनभर भारी भीड़ देखी गई। प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत की उम्मीद में सुबह से ही डटे रहे। मतगणना का कार्य निर्धारित समयानुसार सुबह 8:00 बजे आरंभ हो गया था। हालांकि, प्रथम चरण की मतगणना के परिणाम की आधिकारिक घोषणा लगभग दोपहर 1:30 बजे के आसपास की गई। जैसे ही प्रशासन की ओर से माइकिंग के माध्यम से परिणाम घोषित िकया जाता, समर्थकों के बीच उत्साह की लहर दौड़ पड़ती। जीत की घोषणा के साथ ही समर्थक जिंदाबाद के नारे लगाते हुए खुशी का इजहार करते नजर आए। जीत दर्ज करने वाले प्रत्याशियों के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया। वहीं कुछ मतों से हारने वाले प्रत्याशियों के समर्थकों में निराशा भी साफ दिखाई दी। पूरे दिन चले इस लोकतांत्रिक उत्सव में उत्साह, उम्मीद, खुशी और निराशा सभी भावनाएं एक साथ देखने को मिलीं। प्रशासन की सतर्क व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल के बीच नगर पालिका चुनाव 2026 की मतगणना सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अबीर-गुलाल लगाकर जीत की खुशी साझा की कई स्थानों पर समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जीत की खुशी साझा की। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच जीत का जश्न मनाया गया। वहीं जिन प्रत्याशियों को अपेक्षाकृत कम मत प्राप्त हुए, उनके समर्थकों के चेहरों पर मायूसी साफ झलकती रही। कुल मिलाकर मतगणना केंद्र के आसपास पूरे दिन उत्साह, रोमांच और भावनाओं का मिला-जुला माहौल बना रहा। सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम, बाइक के प्रवेश पर थी रोक मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। केंद्र के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी तथा भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। यहां तक कि दोपहिया वाहनों के प्रवेश को भी प्रतिबंधित रखा गया था। सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस बल के साथ दंडाधिकारी तैनात रहे, जो लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग जोन बनाए गए थे। प्रशासन की सतर्कता के कारण कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहा। 2000 से अधिक बाइकों से पहुंचे थे लोग जानकारी के अनुसार मतगणना केंद्र के आसपास करीब 2000 से अधिक मोटरसाइकिल और 50 से अधिक चारपहिया वाहन पहुंचे थे। दूर-दराज क्षेत्रों से आए समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत का जश्न मनाने के उद्देश्य से सुबह से ही मौजूद रहे। जैसे-जैसे परिणाम सामने आते गए, समर्थकों की भीड़ में उत्साह बढ़ता गया।


